Bihar: मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. मोतीपुर थाने के समीप एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने थाने में तैनात बीएमपी जवान और दरोगा को बुरी तरह कुचल दिया. जिसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो थाने के गेट के बाहर स्थित एक होटल में जा घुसी और होटल संचालक को रौंदते हुए पास के गड्ढे में पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में बीएमपी जवान भार्गव भूषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा और होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बीएमपी जवान भार्गव भूषण और दरोगा सब्जी खरीदने के लिए मोतीपुर थाना से बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों थाना गेट से बाहर निकले, मोतिहारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बीएमपी जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरोगा और BMP जवान को टक्कर के बाद होटल में जा घुसी स्कॉर्पियो
दरोगा और BMP जवान को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित विनोद कुमार के होटल में घुस गई। वाहन ने होटल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और होटल संचालक विनोद कुमार को भी कुचल दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो गड्ढे में पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाने में हड़कंप मच गया। DSP पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया।
चालक गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। और वाहन चालक रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।