JPSC-JSSC Protest: लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, रांची में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता

Jharkhand Bandh: JPSC-JSSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के विरोध में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का गिरिडीह में भी व्यापक असर दिख रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भाजपाई बंद को सफल बनाने के लिए मुस्तैद हैं।

सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता

सुबह 8 बजे से ही बंद का असर राजधानी रांची समेत कई इलाकों में दिखाई देने लगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. हरमू चौक, भारत माता चौक और किशोरगंज में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर चक्का जाम किया.

विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश

JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे थे. इसी आंदोलन के तहत सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे. जब हजारों अभ्यर्थियों ने बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा की ओर आगे बढ़ने की कोशिश की.

9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे छात्र

पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया. इस दौरान लाठीचार्ज के साथ वॉटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया. कार्रवाई के दौरान कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई. वहीं, पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत भी बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सोमवार की इस कार्रवाई के बाद बीजेपी ने अभ्यर्थियों के समर्थन में झारखंड बंद का ऐलान किया.

रांची में 2000 अतिरिक्त जवान तैनात, स्कूल भी बंद

पूरे शहर में करीब 2000 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. नया और पुराना विधानसभा परिसर, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील चौराहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बंद और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रांची समेत कई प्रमुख जिलों में निजी स्कूलों ने मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी है. वहीं, सड़कों पर बसों और ऑटो की आवाजाही भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम दिखाई दे रही है.

इसे भी पढ़ें:-मानसून हुआ ‘सुपर एक्टिव’!17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *