Rozgar Mela: PM मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, सरकारी सेवाओं में योगदान देने का मिला अवसर

Rozgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र वितरित किए. उन्होने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हिस्सा लिया और नवनियुक्त युवाओं से संवाद किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

परिवारों के लिए यह दिन खास खुशी लेकर आया है 20th Rozgar Mela

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में त्योहारों का दौर शुरू हो चुका है और ऐसे समय में 51 हजार से ज्यादा परिवारों के लिए यह दिन खास खुशी लेकर आया है. इन युवाओं को आज सरकारी सेवाओं में योगदान देने का अवसर मिल रहा है. नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उनकी सफलता का श्रेय केवल उनकी मेहनत को नहीं दिया, बल्कि परिवार के सहयोग और त्याग को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उम्मीदवारों की मेहनत के साथ उनके माता-पिता और परिजनों का योगदान भी रहा है.

युवाओं से की ये अपील

पीएम मोदी ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में उनका प्रवेश ऐसे समय हुआ है, जब देश एक बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका बेहद अहम होगी. पीएम मोदी ने युवाओं से अपील की कि सरकारी जिम्मेदारियां निभाते हुए उनके फैसले विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा को मजबूत करने वाले होने चाहिए. उन्होंने कहा कि युवा होने के कारण नवनियुक्त कर्मचारियों की अपने हमउम्र लोगों के प्रति भी विशेष जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. आज दुनिया भारत के युवा इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें रखती है.

एक कविता की पंक्तियां भी सुनाईं

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने एक कविता की पंक्तियां भी सुनाईं—“सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो. नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो. लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो.” उन्होंने कहा कि देश का युवा इसी आत्मविश्वास और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. ऐसे में सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी संभाल रहे युवाओं का दायित्व है कि वे देश के युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को समझें और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें.

इसे भी पढ़ें:-यूपी पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए आवेदन शुरू, जानें आखिरी तारीख और योग्यता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *