Health care: आजकल युवाओं से लेकर बुजर्गों में खराब खान-पान, मोटापा, मधुमेह और निष्क्रिय जीवनशैली के कारण फैटी लिवर की समस्या बढ़ती जा रही है. यकृत शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है. यह पाचन में सहायता करता है, विषाक्त पदार्थों को निकालता है, पोषक तत्वों का भंडारण करता है और समग्र चयापचय में सहायक होता है. जब यकृत की कोशिकाओं में अत्यधिक वसा जमा हो जाती है, तो इस स्थिति को वसायुक्त यकृत रोग कहा जाता है.
Fatty Liver को ठीक करने के 7 असरदार उपाय
1. धीरे-धीरे वजन कम करें
तेजी से वजन घटाने की बजाय हेल्दी तरीके से वेट लॉस करें. शरीर के वजन में सिर्फ 5 से 10% की कमी आने से भी लिवर की सेहत में बड़ा सुधार देखा जा सकता है. क्रैश डाइटिंग से बिल्कुल बचें.
2. लिवर फ्रेंडली डाइट लें
आपकी थाली ही आपके लिवर की दवा है. डाइट में इन चीजों को शामिल करें- हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन, ड्राई फ्रूट्स, बीज और हेल्दी फैट्स. वहीं जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा मीठे से दूरी बनाएं.
3. रोजाना एक्सरसाइज करें
रेगुलर फिजिकल एक्टिविटी से शरीर में जमी एक्स्ट्रा चर्बी बर्न होती है और इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर होती है.
आप पैदल चलना, साइकलिंग, स्विमिंग, वेट ट्रेनिंग या योगा में से कुछ भी कर सकते हैं. यहाँ तेजी नहीं, बल्कि रोजाना की निरंतरता ज्यादा जरूरी है.
4. शराब से पूरी तरह दूरी बनाएं
शराब लिवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है. फैटी लिवर की स्थिति में थोड़ी सी शराब भी बीमारी को गंभीर बना सकती है. अगर आप शराब छोड़ देते हैं तो लिवर की रिकवरी बहुत तेजी से होती है.
5. शुगर और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में रखें
डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल फैटी लिवर को और बढ़ा देते हैं. इसलिए समय-समय पर ब्लड शुगर और लिपिड प्रोफाइल की जांच करवाते रहें और डॉक्टर की सलाह का पालन करें.
6. खूब पानी पिएं
पानी पीने से पाचन और मेटाबॉलिज्म दोनों सुधरते हैं, जिससे लिवर पर लोड कम पड़ता है. दिनभर में पर्याप्त मात्रा में सादा पानी पीने की आदत डालें. इससे लिवर डिटॉक्स और हेल्दी बना रहता है.
7. लिवर की नियमित जांच करवाएं
सिर्फ घरेलू उपाय काफी नहीं हैं. समय-समय पर ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड से लिवर की स्थिति पर नजर रखना जरूरी है. अर्ली डिटेक्शन से बड़ी जटिलताओं से बचा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें:-राजस्थान पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 चरणों में होगा मतदान