Weather Update: मानसून अब देश के कई राज्यों से लौट चुका है, लेकिन मौसम में आए नए बदलावों के कारण देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कई राज्यों के लिए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है और यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रहने की संभावना है। केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, माहे और कराईकल 8-10 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8-13 अक्टूबर के दौरान बारिश के आसार हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 8-13 अक्टूबर के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में आज बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर 50 से 60 किमी/घंटा तक हवाएं चल सकती हैं। पंजाब में 9-10 अक्टूबर के दौरान तेज़ हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। 8-9 अक्टूबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 2-3 दिनों में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के वापस लौटने के हालात अनुकूल हैं। यहां से जल्द ही मानसून की विदाई होने वाली है।
बता दें कि दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C से 35°C और 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है। ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ज़्यादा रहेगा, और दिल्ली में ज़्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य के आस-पास रहेगा। मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा चलने की संभावना है, जिसकी गति सुबह के समय 15 किमी/घंटा तक हो सकती है। दोपहर के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा की गति बढ़कर 18 किमी/घंटा तक हो जाएगी। शाम और रात के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा की गति बढ़कर 20 किमी/घंटा तक हो जाएगी।