Religion: कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी मनाई जाती है। इसे आंवला नवमी भी कहा जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा और उससे जुड़े कुछ विशेष उपाय करने का महत्व है। मान्यता है कि इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा और भगवान विष्णु के मंत्र जाप करके जीवन में सुख-सौभाग्य की कामना की जाती है।
आंवला नवमी के विशेष उपाय
अगर जीवनसाथी के साथ अब आपका पहले जैसा प्यार नहीं रहा, बात-बात पर आपके झगड़े होते रहते हैं और रिश्तों की डोर धीरे धीरे कमजोर पड़ रही है, तो आंवले के पेड़ के तने पर 7 बार सूत लपेटें। साथ ही घी का दीपक जलाकर आंवले के वृक्ष की आरती करें।
अगर धन-संपदा में बढ़ोतरी, यश और ज्ञान की प्राप्ति करना चाहते हैं, तो आंवले का वृक्ष लगाएं। इस दिन आंवले का वृक्ष लगाना वास्तु की दृष्टि से भी बड़ा शुभ माना जाता है, लेकिन जो लोग किसी कारणवश आंवले का वृक्ष नहीं लगा पाएं, वे आंवले का वृक्ष लगाने का संकल्प लें और बाद में जब भी समय मिले, तो वृक्ष जरूर लगाएं।
अगर आप अपने घर परिवार में सुख शांति बनाए रखना चाहते हैं, तो अक्षय नवमी के दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करें। लेकिन अगर ऐसा करना आपके लिए संभव न हो, तो इस दिन आंवले का फल खरीदकर घर लाएं।
अगर आप अपने अंदर सकारात्मक विचारों का समावेश करना चाहते हैं, तो श्री विष्णु को केसर मिले दूध का भोग लगाएं और तुलसी के पौधे में घी का दीपक जलाएं।