Rice : भारत में चावल सिर्फ खाने की चीज नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. हर थाली में सफेद चावल होना आम बात है, लेकिन इस लंबे समय से चली आ रही आदत में अब बदलाव आने वाला है. वैज्ञानिकों ने सीएसआईआर डिजाइनर राइस नामक नया चावल विकसित किया है, जो न सिर्फ स्वाद में पारंपरिक चावल जैसा है, बल्कि इसमें कुछ स्वास्थ्य लाभ भी जोड़ने की कोशिश की गई है.
बता दें कि यह चावल पारंपरिक खेतों में उगाया नहीं जाता, बल्कि लैब में तैयार किया जाता है. इसे एक्सट्रूजन तकनीक से बनाया गया है ताकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम और प्रोटीन की मात्रा ज्यादा हो. इसका मतलब है कि यह चावल आपके बल्ड शुगर को तेजी से बढ़ाने के बजाय धीरे-धीरे बढ़ाएगा और शरीर को ज्यादा प्रोटीन मिलेगा.
बता दें कि सीएसआईआर डिजाइनर राइस पारंपरिक चावल की खेती से बिल्कुल अलग है. सबसे पहले पिसे हुए चावल के आटे को लिया जाता है और इसमें चावल से निकाला गया प्रोटीन मिलाया जाता है. यह मिश्रण फिर ट्विन-स्क्रू एक्सट्रूजन तकनीक से गुजरता है.
इस प्रक्रिया में मिश्रण को उच्च तापमान और दबाव में एक धातु के डाई से गुजारकर चावल के दानों के आकार में ढाला जाता है. इसका फायदा यह है कि दाने पॉलिश किए हुए चावल जैसे दिखते हैं, लेकिन पोषण में बेहतर हैं. इसमें कोई रासायनिक योजक नहीं इस्तेमाल होता, यह सिर्फ भौतिक प्रक्रिया है.
लैब में बनने वाला सीएसआईआर डिजाइनर राइस सामान्य सफेद चावल से कई मायनों में अलग है. इस डिजाइनर राइस की सबसे बड़ी खासियत इसका कम GI होना है. सामान्य सफेद चावल जल्दी पचता है और ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा देता है, यह टाइप 2 डायबिटीज और मोटापे के जोखिम को बढ़ा सकता है. वहीं डिजाइनर राइस में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाकर इस समस्या का हल खोजा गया है, ज्यादा प्रोटीन होने से कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे पचता है और ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता है.
साधारण चावल में लगभग 6–8 प्रतिशत प्रोटीन होता है, जबकि इस डिजाइनर राइस में इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है. यह प्रोटीन चावल से निकाले गए शुद्ध प्रोटीन हैं, जो पादप-आधारित और एलर्जी-रहित हैं. हालांकि, कुछ पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि प्रोटीन की क्वालिटी पूरी तरह से संतुलित नहीं है. चावल का प्रोटीन संपूर्ण अमीनो एसिड प्रोफाइल नहीं देता, इसलिए इसे अन्य स्रोतों के साथ मिलाकर ही सबसे ज्यादा फायदा होता है.
इसे भी पढ़ें :- राष्ट्रपति मुर्मु और PM मोदी ने देशवासियों को दी ईद की बधाई, राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का किया आह्वान