Samudrik Shastra Teeth: सामुद्रिक शास्त्र में शरीर के अंगों की बनावट के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव और व्यक्तित्व के बारे में कई मान्यताएं बताई गई हैं. इसी कड़ी में दांतों के आकार, रंग और उनके बीच की दूरी को भी खास महत्व दिया गया है. आइए जानते हैं, दांतों की बनावट को लेकर क्या-क्या कहा गया है.
1. सुंदर और आकर्षक दांत
सुंदर, घने और आकर्षक दांतों वाले लोग मिलनसार स्वभाव के होते हैं. वे दूसरों के साथ घुल-मिलकर रहना पसंद करते हैं और अपनी खूबियों के कारण लोगों के बीच लोकप्रिय होते हैं. ऐसे लोग मेहनत और योग्यता के दम पर जीवन में सुख-सुविधाएं हासिल करते हैं.
2. हल्के काले या पीले दांत
हल्के काले रंग के दांत वाले लोगों को चतुर और अपना काम निकलवाने में माहिर माना गया है. वहीं, उन्हें झगड़ालू और स्वार्थी भी बताया गया है. दूसरी ओर, पीले या हल्की लालिमा वाले दांतों को खुशमिजाज, मिलनसार और भरोसेमंद स्वभाव से जोड़ा गया है. हालांकि, दांतों का रंग खान-पान और ओरल हेल्थ पर भी निर्भर करता है.
3. दांतों पर दांत होना
जिन लोगों के दांत एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए होते हैं, उनके बारे में मान्यता है कि वे खुले विचारों वाले और भाग्यशाली हो सकते हैं. ऐसे लोगों के मित्र भले ही कम हों, लेकिन वे दोस्ती निभाने वाले होते हैं. महिलाओं के लिए इसे चतुराई और प्रभावशाली व्यक्तित्व, जबकि पुरुषों के लिए साहस से जोड़ा गया है.
4. दांतों के बीच गैप
जिन लोगों के दांतों के बीच थोड़ी दूरी होती है, उन्हें खर्चीला माना जाता है. मान्यता है कि इन्हें पैतृक संपत्ति से लाभ मिल सकता है, लेकिन खर्च ज्यादा होने के कारण इनके पास पैसा टिकने में परेशानी हो सकती है.
5. छोटे और बारीक दांत
छोटे-छोटे दांतों वाले लोगों को बुद्धिमान, समझदार और भरोसेमंद बताया गया है. वहीं, बारीक और घने दांतों को लेकर कुछ पुराने वर्णनों में नकारात्मक स्वभाव की बातें भी कही गई हैं.
6. बाहर निकले दांत
जिन लोगों के दांत बाहर की ओर निकले होते हैं, उन्हें बातूनी और अपनी बात मनवाने में माहिर बताया जाता है. मान्यता है कि ऐसे लोगों का स्वभाव कभी हंसमुख तो कभी गुस्सैल हो सकता है.
7. सीधे और सपाट दांत
सीधे और सपाट दांतों वाले लोगों को मिलनसार, धनवान और आत्मनिर्भरता पसंद करने वाला माना गया है. मान्यताओं के अनुसार, ऐसे लोग दूसरों के अधीन काम करने के बजाय अपना कारोबार करना पसंद कर सकते हैं.
8. टेढ़े-मेढ़े दांत
कुछ पुराने सामुद्रिक वर्णनों में टेढ़े-मेढ़े दांतों को जीवन में संघर्ष और व्यवहार संबंधी चुनौतियों से जोड़ा गया है.
इसे भी पढ़ें:-बेटी की शादी से पहले करें यह उपाय, ससुराल में सुखी जीवन जिएगी बिटिया