शुक्र और बृहस्पति ग्रह का महामिलन, आसमान में खुली आंखों से देखी गई दुर्लभ खगोलीय घटना

Venus Jupiter Conjunction: आसमान में मंगलवार की रात अद्भुत खगोलीय नजारा देखने को मिला, जब बृहस्पति और शुक्र ग्रह बेहद नजदीक दिखे. दोनों ग्रहों के बीच दूरी करीब 1.5 से 2 डिग्री की रह गई. शाम को सूर्यास्त के बाद यह वाकया खुली आंखों से बिना दूरबीन, टेलीस्कोप के भी देखा गया. नेहरू प्लैनेटोरियम के वैज्ञानिकों का कहना है कि सौरमंडल के दो सबसे चमकीले ग्रहों बृहस्पति और शुक्र के बीच अरबों किलोमीटर की दूरी है, लेकिन इनके मिलन का दुर्लभ नजारा देखने को मिला. इसे सौरमंडल के दो चमकीले ग्रहों का महामिलन कहा गया.

शुक्र-बृहस्पति का ये महासंयोग

दरअसल, इस हफ्ते शाम के आसमान में बुध, शुक्र और बृहस्पति ग्रह एक साथ दिखाई देंगे. यह तीनो ग्रहों का एक दुर्लभ मिलन होगा, जो उत्तरी गोलार्ध के ज्यादातर हिस्सों में देखा जा सकेगा. बता दें कि शुक्र-बृहस्पति का ये महासंयोग सूरज डूबने के ठीक बाद रात 8 बजे से 8.30 बजे के बीच देखा गया. इस दौरान आसमान में सबसे चमकीले दो ग्रहों शुक्र (Venus) और बृहस्पति (Jupiter) को पश्चिमी क्षितिज में एक-दूसरे के पास देखा गया. ये दोनों ग्रह लगभग 2 घंटे तक बेहद करीब दिखाई दिए. रात 8.30 बजे से 11 बजे तक ये नजारा देखा गया.

बुध भी शुक्र और बृहस्पति के साथ

खगोल वैज्ञानिकों के मुताबिक, गुरुवार 11 जून तक बुध भी शुक्र और बृहस्पति के नीचे और बगल में दिखाई देने लगेगा. इससे तीन ग्रहों का एक समूह बन जाएगा. हालांकि इस दौरान बुध को देखना थोड़ा मुश्किल होगा क्योंकि यह क्षितिज के पास नीचे होता है और बाकी दो ग्रहों की तुलना में काफी कम चमकीला होता है. ये तीनों ग्रह रात में तब तक दिखाई देते रहेंगे, जब तक कि बुध रात 10:15 बजे के आसपास अस्त नहीं हो जाता; वहीं शुक्र और बृहस्पति लगभग रात 11 बजे तक क्षितिज के ऊपर बने रहेंगे.

क्या है ग्रहों का संयोजन?

बता दें कि आसमान में ग्रहों का संयोजन तब होता है, जब पृथ्वी से देखने पर दो या दो से अधिक ग्रह एक-दूसरे के करीब दिखाई देते हैं. हालांकि वास्तव में ये ग्रह एक-दूसरे के करीब नहीं होते, लेकिन अपनी कक्षा पर अपनी स्थिति और कोण के कारण एक सीध में दिखाई देते हैं. दो या तीन चमकीले ग्रहों का आसमान के एक ही हिस्से में एक साथ दिखाई देना बड़ी खगोलीय घटना है. सूर्यास्त के ठीक बाद ये बिना किसी टेलीस्कोप के खुली आंखों से देखा जा सकेगा.

इसे भी पढे़ं:-पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू से आगे निकले PM मोदी, कार्यकाल 4399 दिन हुए पूरे, शहर-शहर जश्न की तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *