1 सितंबर से बदल गए कई बड़े नियम! LPG सिलेंडर से लेकर कारों की कीमतों पर पड़ेगा असर

Rules changing from 1 September: सितंबर महीने की शुरुआत के साथ आम लोगों के बजट और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं. आज यानी 1 सितंबर 2026 से भी देश भर में रसोई गैस के दामों से लेकर हवाई सफर, किराए और कार खरीदने की कीमतों तक कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं. जहां कुछ नियमों से राहत मिली है, वहीं कई फैसलों से जेब पर सीधा बोझ बढ़ना तय है. आइए जानते हैं 1 सितंबर से लागू हुए प्रमुख बदलावों के बारे में.

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. दिल्ली में इसकी कीमत ₹9.50 बढ़कर ₹2,747.50 प्रति सिलेंडर हो गई है. हालांकि, आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

LPG e-KYC की समयसीमा खत्म

LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC से जुड़ी समयसीमा 31 अगस्त को समाप्त हो चुकी है. जिन उपभोक्ताओं ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें आगे गैस सब्सिडी या सिलेंडर बुकिंग से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित गैस एजेंसी या LPG वितरक से संपर्क कर e-KYC की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है.

हवाई ईंधन (ATF) के दाम बढ़े

विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की दरों में 5.46% (लगभग ₹6.28 प्रति लीटर) का इजाफा दर्ज किया गया है. अब नई दरें बढ़कर ₹121.28 प्रति लीटर हो गई हैं. ईंधन महंगा होने से आने वाले समय में एयरलाइंस कंपनियां हवाई यात्रा के किराए बढ़ा सकती हैं.

मुंबई में ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया बढ़ा

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में सफर करने वाले यात्रियों को अब ज्यादा जेब ढीली करनी होगी. ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया ₹26 से बढ़ाकर ₹27 और काली-पीली टैक्सी का शुरुआती किराया ₹31 से बढ़ाकर ₹33 कर दिया गया है. यह नया किराया शुरुआती 1.5 किलोमीटर के लिए मान्य होगा.

टाटा और हुंडई की गाड़ियां खरीदना हुआ महंगा

अगर आप नई कार खरीदने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा पैसे चुकाने होंगे. टाटा मोटर्स और हुंडई ने इनपुट लागत और महंगाई का हवाला देते हुए अपने चुनिंदा मॉडल्स की कीमतों में ₹25,000 तक की बढ़ोतरी लागू कर दी है.

इसे भी पढ़ें:-सब इंजीनियर समेत अन्य ग्रुप 3 के पदों पर भर्ती, 1700 पोस्ट के लिए आवेदन शुरू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *