Technology: साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने के लिए एक नया तरीका निकाल लिया है. मार्केट में नया फिशिंग स्कैम शुरू हुआ है. आजकल फोन में पर्सनल से लेकर बैंकिंग तक सारी जानकारी स्टोर होती है. ऐसे में सेटिंग में जरा-सी गड़बड़ होने पर आपके डेटा के साथ-साथ पैसा भी उड़ सकता है. आज हम आपको फोन की एक ऐसी सेटिंग के बारे मे बताने जा रहे हैं, जो आपको कई प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड से बचा सकती है. अगर इस सेटिंग को ऑफ न किया जाए तो स्कैमर्स चुटकियों में आपके बैंक अकाउंट को खाली कर सकते हैं.
इस सेटिंग का ध्यान रखना है जरूरी
साइबर अपराधी आजकल स्कैम करने के लिए APK फाइल्स को यूज करते हैं. इन फाइल्स में मालवेयर एम्बेड कर यूजर के फोन में पहुंचाया जाता है और फिर डेटा और पैसा चोरी का खेल शुरू होता है. इससे बचाव के लिए एंड्रॉयड फोन में ‘Unknown Sources’ नाम से एक सेटिंग आती है. अगर यह सेटिंग ऑफ हो तो आपके फोन में कोई भी APK फाइल इंस्टॉल नहीं हो सकती. दरअसल, यह सेटिंग आपके फोन को गूगल प्ले स्टोर के अलावा कहीं भी और से ऐप्स डाउनलोड करने से रोक देती है.
इसके ऑन होने पर क्या खतरा?
अगर यह सेटिंग ऑन कर ली जाए तो आपका फोन साइडलोडिंग को Allow कर देता है. यानी आप गूगल प्ले स्टोर के अलावा भी बाकी सोर्सेस से ऐप्स डाउनलोड कर सकते हैं. ध्यान रखें कि ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. साइडलोडिंग वाली ऐप्स में मालवेयर का खतरा होता है, जिससे आपके डिवाइस को टारगेट किया जा सकता है. इसलिए हमेशा भरोसेमंद सोर्सेस से ही ऐप्स डाउनलोड करने की सलाह दी जाती है.
खुद को कैसे सुरक्षित रखें
- केवल आधिकारिक स्टोर्स (Indus Appstore/ Google Play store/ Apple Appstore) से ही ऐप्स इंस्टॉल करें.
- “Install Unknown Apps” को तब तक बंद रखें जब तक आप यह न जान लें कि आप क्या डाउनलोड कर रहे हैं.
- चालान, रिफंड, रिवॉर्ड या लोन के बारे में अचानक से भेजे गए लिंक/ फाइल्स पर टैप करने से बचें.
- ऐप्स द्वारा मांगी गई अनुमतियों को चालू करने से पहले उनको रिव्यू करें.
- किसी भी संदिग्ध व्यवहार को स्कैन करने के लिए एक विश्वसनीय मोबाइल सिक्योरिटी टूल का उपयोग करें.
- यदि आपने फर्जी ऐप इंस्टॉल कर लिया है तो क्या करें?
- ऐप को तुरंत अनइंस्टॉल करें.
- अस्थायी रूप से मोबाइल डेटा और वाई-फाई बंद कर दें.
- बैंकिंग, ईमेल और पेमेंट ऐप्स के पासवर्ड बदलें.
- अपने बैंक/ पेमेंट सेवा प्रोवाइडर से संपर्क करें ताकि निगरानी या गतिविधि को फ्रीज किया जा सके.
इसे भी पढ़ें:-‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मारी डबल सेंचुरी, 236 करोड़ के पार हुआ ग्रॉस कलेक्शन