46 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास,परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया भूमि पूजन

ballia: प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। दुबहड़ से चंदवक होते हुए ढेलहवा बाबा तक लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास, आवागमन की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करना है।

आज विधानसभा क्षेत्र में करीब 2500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनका लाभ आने वाले वर्षों में जनता को मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास के मामले में बलिया विधानसभा अब किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा। मंत्री ने बताया कि वैना बाईपास का निर्माण लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से पहले चरण में कराया जा रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद शहर में जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी तथा आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कहा बलिया के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से कराया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उच्च चिकित्सा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। भविष्य में बलिया विधानसभा क्षेत्र चारों ओर से फोरलेन सड़कों के नेटवर्क से जुड़ जाएगा। सड़कों के बनने से क्षेत्र में बड़े उद्योगों की स्थापना और विकास प्राधिकरण के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। बलिया के विकास को लेकर सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है, उनका उद्घाटन भी हम ही करेंगे। कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक बलिया में अपेक्षित विकास नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र सेतु व विश्वविद्यालय के निर्माण के अलावा बड़े स्तर की परियोजनाएं नहीं आईं, लेकिन वर्तमान सरकार ने विकास की गति तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि सेतु के एप्रोच रोड का निर्माण कर उसकी उपयोगिता को और बढ़ाया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बलिया विश्वविद्यालय के विकास के लिए भी लगातार कार्य किए गए हैं। वहीं उजियार क्षेत्र में जल्द ही जहाज निर्माण कारखाना स्थापित करने की दिशा में प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए राजीव उपाध्याय द्वारा लगभग आठ एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में वशिष्ठ राय, ब्लाक प्रमुख शशांक शेखर तिवारी, अनिल पांडेय, मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, विवेक पाठक आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *