Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते झमाझम बारिश का दौर जारी है. पहाड़ों पर भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं, वहीं मैदानी इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए यूपी, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान, ओडिशा समेत 16 राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में आंधी-बारिश की चेतावनी है. बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में बारिश के बाद अब बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. हालांकि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है. यमुना के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने के लिए फ्लड एंड एरिगेशन डिपार्टमेंट अलर्ट मोड में है. वहीं,
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. गंगा के उफान का असर शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में देखने को मिल रहा है जहां कई गांवों में गंगा पानी घुस गया है. आज भी यूपी के 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में अनेक स्थानों पर आज बारिश हो सकती है.
MP के मौसम का हाल
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. डिंडोरी में नर्मदा, खरमेर और चकरार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं तो मंडला जिले में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे गंभीर हालात बन गए हैं. डिंडोरी और बालाघाट जैसे ऊपरी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है. नदी किनारे बसी बस्तियों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. नदी का जलस्तर बढ़ने से नर्मदा किनारे के कई घाट और मंदिर पानी में डूब चुके हैं. खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है. IMD भोपाल ने आज प्रदेश के रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, पांडुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
बिहार में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है.
झारखंड में भी भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
हिमाचल-उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश के चंबा में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुआ है. सिहुंता नेशनल हाईवे पर पनियाला नाला के पास पहाड़ दरकने से सड़क पर मलबा आ गया. चंबा-भरमौर और चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें प्रभावित हुई हैं.
उत्तराखंड में भी भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है. जोशीमठ के किमाणा इलाके में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आने से ग्रामीणों में दहशत है. चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भी लगातार लैंडस्लाइड हो रहे हैं. देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है.
असम में आफत की ‘बाढ़’!
असम के गुवाहाटी में भी बाढ़ जैसे हालात हैं.. मूसलाधार बारिश से रुक्मिणी गांव में घुटनों तक पानी भर गया है. भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ से राज्य के 13 जिलों में करीब डेढ़ लाख लोग अब भी प्रभावित हैं. बाढ़ से राज्य में अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है. ऊपरी असम के गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट जैसे जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं.
इसे भी पढ़ें:-जनता दर्शन में सीएम योगी ने लोगों की सुनीं समस्याएं, बोले- सबकी समस्या पर होगी कार्रवाई, चिंता न करें