Tiranga Yatra: गोरखपुर में दिखा देशभक्ति का सैलाब, सीएम योगी के साथ तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरा शहर

Gorakhpur Tiranga Yatra: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया और खुद तिरंगे को हाथ में लेकर करीब तीन किलोमीटर की यात्रा किया। इस दौरान लोगों के हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारों ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने गुब्बारे छोड़े और इसके बाद सेल्फी लेकर इस पल को कैमरे में कैद किया.

नगर निगम परिसर से निकली तिरंगा यात्रा

नगर निगम परिसर से सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शुरू हुई. उनके साथ सांसद रविकिशन, मेयर डॉ मंगलेश, सभी विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी चल रहे थे. यात्रा 11:36 बजे रेलवे स्टेशन स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास पहुंचकर समाप्त हुई. इस भव्य यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया.

लोगों ने फूल बरसाकर किया यात्रा का स्वागत

देशभक्ति के गीतों के बीच स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न समाज के लोग तिरंगा लेकर पहुंचे. बड़ी संख्या में लोग हर घर तिरंगा अभियान की टी-शर्ट पहने हुए थे. यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया. जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया. छतों से लोग यात्रा को देखते रहे. पवन पंछी ग्रुप के कलाकारों ने विविध लोक नृत्यों की प्रस्तुति देकर माहौल में और रंग भर दिया. युवा मोबाइल से फोटो और रील बनाते रहे.

चप्पे- चप्पे पर रही पुलिस का पहरा

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही. चप्पे- चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा, वरिष्ठ अधिकारी बराबर निगरानी पर लगे रहे. एडीजी जोन, डीआइजी,मंडलायुक्त ,डीएम ,एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ ,एसपी सिटी, एसपी नार्थ ,एडीएम सिटी , सीआरओ, एडीएम प्रशासन , अपर नगर आयुक्त,एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित गैर जनपदों से आये हुए अधिकारी पुलिस के जवान सुरक्षा में तैनात रहे.

इसे भी पढ़ें:-पटना में निकाली गई तिरंगा यात्रा, शामिल हुए सीएम सम्राट चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *