ट्रेलर की चपेट में आए बाइक सवार, दो दोस्तों की मौत

Ghazipur: रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के पास नेशनल हाईवे-124सी पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुर्घटना के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर से जा टकराया.

जानकारी के मुताबिक, अवती गांव निवासी सतीश सिंह (23) पुत्र स्व. कन्हैया सिंह और लालबहादुर सिंह (25) पुत्र रमेश सिंह गुरुवार की रात मोटरसाइकिल से भदौरा से रेवतीपुर होते हुए अपने गांव अवती जा रहे थे. रात करीब 10 बजे उतरौली गांव के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और उसने बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक घर से भी जा टकराया.

वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें:-‘लो हीमोग्लोबिन’ के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें, बढ़ जाएगी आयरन की मात्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *