संतों के बताए कलयुग साधना से होगा आत्मकल्याण: पंकज जी महाराज

Ghazipur: संत महात्मा अवाम की भलाई का संदेश लेकर आते हैं, ‘‘संत मही विचरत केहि हेतु। जड़ जीवन कँह करत सचेतू।’’ मिली नर देह यह तुमको, बनाओ काज कुछ अपना। पचो मत आय यहि जग में जानियों रैन का सपना। संत पंकज जी महाराज 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा के 67वें पड़ाव पर ग्राम धरम्मरपुर चट्टी कल सायंकाल पहुंचे। अपने सत्संग सम्बोधन में उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों में सर्वश्रेष्ठ मानव शरीर आपको मालिक की दया से मिला है। इसी से होकर आपके निजघर जाने का एक मात्र दरवाजा है। इससे अपना आत्मकल्याण करा लीजिये। प्रभु के अलावा कोई नहीं जानता कि यह दुनियां कब बनी। लेकिन इतना अवश्य मालूम है कि हम सब युगों-युगों से जन्म मरण के चक्र में धक्के खा रहे हैं।

दयालु प्रभु ने दया करके संतों को भेजा। उन्होंने अपना परिचय देते हुए कहा कि ‘‘हम आये वही देश से जहां तुम्हारो धाम, तुमको घर पहुंचाना एक हमारो काम।।’’ इसलिये आप ‘‘सुरत शब्द नाम’’ के साधना करने वाले महात्मा, फकीर जिन्होंने परमात्मा को प्राप्त कर लिया है, की खोज करके, उनके बताये रास्ते से कलयुग की सरल साधना करके आत्मकल्याण करा लें। आपको घर, परिवार छोड़ने की आवश्यकता नहीं है, साधु सन्यासी न बनें। गृहस्थ आश्रम में रहकर मेहनत ईमानदारी से अपना काम करते हुए 1-2 घण्टा अपने लिये निकाल कर प्रभु की प्राप्ति के लिये साधना-भजन कर लें। महाराज जी ने सुमिरन, ध्यान, भजन कैसे करना है समझाते हुए ऊपरी लोकों का वर्णन किया।

जयगुरुदेव आश्रम मथुरा पर चल रहे गौशाला, नन्दीशाला, निःशुल्क विद्यालय, निःशुल्क चिकित्सालय, निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था, लंगर (भण्डारा) आदि धर्मादा कार्यों के बारे में बताया। उन्होने यह भी कहा कि हमारी संस्था प्रत्येक सत्संगी द्वारा एक-एक गांव गोद लेकर शाकाहारी-सदाचारी व नशामुक्त बनाने और परस्पर प्रेम सद्भाव से रहने का अभियान चला रही है। इसलिये आप सब से आग्रह है कि अच्छा समय लाने व अच्छा समाज बनाने के लिये मानव धर्म अपनायें। शाकाहारी बनें तथा नशा से मुक्त रहें।

आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा पर आयोजित होने वाले होली सत्संग कार्यक्रम में आने के लिये सबको आमंत्रित किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर इन्द्रदेव यादव, रामसेवक कुशवाहा, डा. अवधेश यादव ग्राम प्रधान, परमानन्द गौड़, नन्दलाल यादव, श्याम प्रकाश यादव, विजय गौड़, रमेश पाल, हरिनारायण, मुख्तार यादव, सहयोगी संगत बदायूं के अध्यक्ष उपदेश यादव अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम बघरी थाना व ब्लाक जमनिया के लिये प्रस्थान कर गई। जहां कल (आज) दोप. 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *