जन्म-मरण के बंधन से मुक्त होने के लिए करें भजन: पंकज जी महाराज

Ghazipur: ‘‘आपस में सब प्रेम बढ़ाओ। खिलकत को खुशहाल बनाओ।।, हाथ जोड़कर विनय हमारी। हो जायें सब शाकाहारी।।’’ आदि संदेशों को देते हुए जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी संत पंकज जी महाराज कल सायंकाल अपने 80वां पड़ाव बंजारीपुर (धावा) पहुंचे। जनजागरण यात्रा में भारी संख्या में उपस्थित भाई-बहनों ने घोड़े, गाजे-बाजे व जयगुरुदेव उद्घोष के साथ भव्य स्वागत किया। अपने सत्संग संदेश में उन्होंने कहा कि जीवात्माओं के कल्याण के लिये दयालु प्रभु ने समय-समय पर अपने देश से संतों को भेजा।

इसी क्रम में बाबा जयगुरुदेव जी महाराज इस धराधाम पर अवतरित हुए। ‘जयगुरुदेव’ नाम को जागृत किया और 116 वर्ष की उम्र तक लगातार इस नाम के सहारे जीवात्माओं को अपने अजर-अमर देश जाने का रास्ता बताकर, जन्म मरण के बन्धन से मुक्त होने के लिये साधन-भजन में लगाया। शाकाहार-सदाचार व मद्यनिषेध का प्रचार-प्रसार करके अच्छे समाज के निर्माण में लगे रहे। संत पंकज जी महाराज ने अपने गुरु महाराज के मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के लिये सभी का सहयोग मांगा। अपने सम्बोधन में कहा कि यह मनुष्य शरीर किराये का मकान है। इसमें रहकर मरने से पहले अपना आत्म कल्याण कर लें। अन्यथा यह अवसर दुबारा मिलने वाला नहीं है।

कलयुग में ‘सुरत शब्द नाम क सरल साधना सुमिरन, ध्यान, भजन को विस्तार से बताते हुए, इसे नियमित करने का आग्रह किया। शब्द की डोर पकड़ कर जीवात्मा निज देश से आई है और इसी को पकड़कर वापस जायेगी। चरित्र को मानव धर्म की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि प्रभु की भक्ति के लिये आप सबसे पहले मानवतावादी बनें। निःस्वार्थ भाव से एक-दूसरे की सेवा करें। सत्य, दया, अहिंसा आदि गुणों को अपनायें। चौबीस घण्टा में से 1-2 घण्टा निकाल कर भगवान का भजन अवश्य करें। अगर आपने हिंसा, अपराध, अशुद्ध खान-पान को न छोड़ा तो भविष्य में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा।

शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। इस अवसर पर जंगबहादुर यादव, प्रभाचन्द यादव, मनबोध, राधिका देवी, रमेश यादव, जयप्रकाश, चन्द्रभान, हिंमांषु सहयोगी संगत फतेहपुर के राजबहादुर, रामनारायण वर्मा, रमेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद धर्म यात्रा अगले पड़ाव ग्राम जंगीपुर ब्लाक बिरनो के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोप 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *