New Delhi: दिल्ली हाईकोर्ट ने पीएम आवास के पास स्थित तीन झुग्गी बस्तियों के निवासियों को घर खाली करने और सावदा घेवरा में आवंटित वैकल्पिक आवास में स्थानांतरित होने के लिए छह सप्ताह का समय दिया है। चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने भाई राम कैंप, मस्जिद कैंप और DID कॉलोनी के निवासियों के पुनर्वास की देखरेख के लिए एक रिटायर्ड ज्यूडिशियल ऑफिसर की अध्यक्षता में एक मॉनिटरिंग कमेटी बनाने का आदेश दिया।
हाईकोर्ट ने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि पुनर्वास की प्रक्रिया सार्थक होनी चाहिए और निवासियों के सम्मान के साथ जीने के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए. जो अनुच्छेद 21 के तहत गारंटीकृत जीवन के अधिकार का एक अहम हिस्सा है। कोर्ट ने यह आदेश झुग्गी निवासियों की उन अपीलों पर दिया, जिनमें सिंगल-जज के 11 मई के फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें उनके बेदखली के मामले में दखल देने से इनकार कर दिया गया था।
वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाएगा
कोर्ट ने DUSIB को यह भी निर्देश दिया कि वह निवासियों के घरेलू सामान को उनके आवंटित आवास तक ले जाने में मदद करे। सिंगल-जज ने पहले निवासियों को खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया था, यह देखते हुए कि बेदखली के नोटिस पहली बार अक्टूबर 2025 में जारी किए गए थे और काफी समय बीत चुका था। केंद्र सरकार का कहना था कि वहीं पर पुनर्वास (इन-सीटू पुनर्वास) संभव नहीं था क्योंकि आस-पास कोई उपयुक्त वैकल्पिक आवास उपलब्ध नहीं था। नतीजा, तीन झुग्गी बस्तियों के 717 निवासियों को सावदा घेवरा में स्थानांतरित किया जाना है।