UP News: बदायूं से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ई-रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया. इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा सवार 6 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी महिलाएं घर में होने वाली शादी का शगुन (भात) देने के लिए मायके जा रही थीं. हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है. सूचना मिलते ही डीएम और एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली.
फूलपुर क्षेत्र में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक कछला और उझानी के बीच फूलपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक रेस लगा रहे थे. रफ्तार के इसी जुनून में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए आगे निकल गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए. टक्कर लगने के बाद महिलाएं ई-रिक्शा से छिटककर करीब 10 फीट दूर जा गिरीं. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के डॉक्टरों ने 6 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. इसके अलावा 3 लोग घायल हुए हैं.
मृतक महिलाओं के नाम
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं का नाम प्रेमा (32), गंगाश्री उर्फ सरला (32), राजुकुमारी (50), रेवती (80), नारायणी (30) और आरती (30) है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है.
दोनों चालक फरार
दोनों चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उझानी मंडी में मक्का उतारकर उझानी लौट रहे थे. इसमें एक आरोपी चालक मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया, जबकि दूसरा आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागा है. कुछ बाइक सवारों ने दोनों का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह हाथ नहीं आया. फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है. दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें:-DSSSB ने निकाली कई पदों पर भर्ती, जानें पूरी डिटेल