CM योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, बोले- गंभीर बीमारियों के इलाज को मिलेगी आर्थिक सहायता

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की. इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को उन्होंने आश्वासन दिया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने जमीन कब्जा और दबंगई के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के भी आदेश दिए. हर जरूरतमंदों को इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दी जाएगी.

किडनी रोगी से पूछा – आयुष्मान कार्ड है?

जनता दर्शन में एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी में धन की कमी की समस्या बताई. मुख्यमंत्री ने पहले उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा. न होने की बात कहने पर उन्होंने कहा कि चिंता मत करिए, इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक मदद मिलेगी. इसके अलावा कई अन्य लोग भी कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे. CM योगी ने सभी को आश्वस्त किया कि सरकार किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी को आड़े नहीं आने देगी.

विवेकाधीन कोष से मिलेगी इलाज की राशि

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि हर जरूरतमंद को इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है उनके एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए. बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में उपचार कराएं, सरकार भरपूर आर्थिक सहायता देगी.

अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान दिया जाए और त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण कराया जाए. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए. इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कड़े शब्दों में कहा कि यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए.

सीएम ने बच्चों की दी चॉकलेट

जनता दर्शन में परिवार के साथ बच्चे भी आए हुए थे. मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. जनता दर्शन का यह माहौल जहां एक तरफ भावुक था वहीं मुख्यमंत्री की सादगी और संवेदनशीलता ने लोगों का दिल जीत लिया.

इसे भी पढ़ें:-यूपी, बिहार में क्या है चंद्रग्रहण देखने का समय? अब 3 साल बाद मिलेगा ऐसा मौका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *