Gorakhpur: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों से एक-एक करके मुलाकात की और गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनी. सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एक-एक कर सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है. अधिकारी यह यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले. मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चिंता मत करिए, सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी.
जमीन कब्जे पर सख्त – गरीबों को उजाड़ने वाले नहीं बख्शे जाएंगे
अपराध और जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए. गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं और गरीबों की संपत्ति पर गरीबों का ही हक सुनिश्चित होना चाहिए. पारिवारिक विवाद के मामलों पर उन्होंने पहले दोनों पक्षों के बीच संवाद और बात न बनने पर यथोचित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए.
इलाज के लिए आए जरूरतमंदों को दिया भरोसा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार-दुलार, आशीर्वाद और चॉकलेट दिया.
इसे भी पढ़ें:-होर्मुज स्ट्रेट को पार करके भारत पहुंचा ‘जग वसंत’ जहाज, 16,000 मीट्रिक टन एलपीजी से भरा है टैंकर