Gorakhpur: गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की सुनी समस्याएं. उन्होने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सबकी समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशील ढंग से किया जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक होना चाहिए।
CM योगी दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हैं। सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन आयोजित किया गया। सुबह से ही लोग मंदिर पहुंचे थे। उन्हें कुर्सियों पर बैठाया गया। कुछ देर बाद मुख्यमंत्री वहां पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्या सुनी। एक महिला ने रोडवेज बस का पास बनवाने की अपील की। सीएम ने अधिकारियों से इस मामले को दिखवाने को कहा। कुछ लोग अपनी जमीन से जुड़ी समस्या लेकर पहुंचे थे।
सीएम ने अधिकारियों से कहा कि इसकी जांच करा ली जाए। यदि कोई गलत तरीके से कब्जा कर रहा है तो उसपर कार्रवाई करें।जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।