तीन दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

अमेठी। अंडर-23 तीन दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता समारोह पूर्वक शुरू हुई। कौहार स्थित सैनिक स्कूल परिसर में प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व गिरिराज सिंह ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन तीन अलग-अलग वर्गों की कुश्ती में महिला व पुरुष पहलवानों ने अपना दम दिखाया। दो दिनों तक चली भीषण बरसात के बावजूद राष्ट्रीय कुश्ती संघ व उत्थान सेवा संस्थान के संयोजकत्व में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता निर्धारित समय पर शुरू हुई। सुबह 10 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ पहलवानों से उनका परिचय प्राप्त करने के साथ हुआ। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास व पुष्टाहार स्मृति ईरानी व राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने किया। प्रतियोगिता शुरू होने के दो घंटे बाद स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ वापस प्रतियोगिता स्थल पर आई। दोनों बड़े नेताओं के आने के बाद कुछ देर तक प्रतियोगिता थमी रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्मृति ने कहा कि इस आयोजन से अमेठी का गौरव बढ़ा है। अमेठी के बच्चे व युवाओं में कुश्ती को लेकर छाई निगेटिविटी भी दूर हुई है। स्मृति ने कहा कि उनकी इच्छा है कि अमेठी का युवा ओलंपिक में शामिल हो और गोल्ड मेडल जीतकर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि स्मृति की पहल पर हो रहा आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। युवाओं को चाहिए कि वे इस खेल को अपनाएं और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करें। उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने राष्ट्रीय कुश्ती संघ की ओर से किए गए आयोजन की सराहना की। कहा कि स्मृति आगे भी ऐसे आयोजन कराएं। प्रदेश का खेल मंत्रालय उनकी ओर से कराए जाने वाले सभी कार्यक्रमों का मेजबान बनने को तैयार है। कार्यक्रम को राज्यमंत्री गिरीश यादव व सुरेश पासी ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *