350 से ज्यादा सीटें जीत कर दोबारा सरकार बनाएगी भाजपा: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ। सीतापुर जिले में शनिवार को पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तालिबान की वकालत करने वाली सपा की असलियत जनता के सामने आ गई है। मोदी व योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों व जनता के भरोसे के चलते भाजपा 350 प्लस का लक्ष्य हासिल कर दोबारा सरकार बनाएगी। वे बूथों के सत्यापन की समीक्षा प्रगति जानने के लिए जिले में आए थे। उन्होंने शहर के हुसैनगंज शक्ति केंद्र के बूथ संख्या 278 व महोली के चढ़रा शक्ति केंद्र के बूथ संख्या 160 का औचक निरीक्षण करते हुए प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। दोनों जगह सत्यापन कार्यक्रम की प्रगति से संतुष्ट होकर प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है और बूथ कार्यकर्ता पार्टी की नींव की ईंट हैं। भाजपा में ही संभव है कि बूथ का कार्यकर्ता भी उच्च पद प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सपा मुखिया पर जनता को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया। बोले, कोरोना से बचाव के लिए मोदी सरकार द्वारा मुक्त वैक्सीन अभियान पर सपा मुखिया द्वारा पहले जनता को गुमराह किया गया और अब तालिबान जैसे क्रूर संगठन की वकालत करके पार्टी की असलियत जनता के सामने आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *