Lucknow: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों की लेबर कॉलोनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा। आग लगते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास बनाया गया है। इसमें करीब 352 मजदूर रह रहे थे। बताया गया कि सुबह एक मजदूर सिलेंडर से खाना बना रहा था, तभी अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
बता दें कि आग फैलने से पहले ही सभी मजदूरों को सुरक्षित आवास से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, सामान निकालने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल गए, जबकि ऊपर के हिस्से भी प्रभावित हुए हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के साथ सरोजनीनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।