Lucknow: यूपी में किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है, वही, आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को भी बड़ी राहत देने की तैयारी है। दरअसल आपदा राहत राशि में बड़ा इजाफा किया गया है। आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब दोगुनी राहत राशि मिलेगी। यानी प्राकृतिक आपदा में मौत पर मृतक के परिजनों को अब 4 लाख की जगह 8 लाख रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी।
किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा
किसानों के लिए भी एक बड़ा ऐलान किया गया है। अब फसलों के नुकसान पर मुआवजा राशि में 25 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है। योगी सरकार ने आपदा राहत के मानकों में बड़ा बदलाव कर दिया है।
प्रदेश के 10 लाख से ज्यादा किसानों को बढ़ी हुई राहत राशि का लाभ मिलेगा। 1 अप्रैल से 4 नवंबर तक हुए नुकसान की भरपाई होगी।
राज्य आपदा मोचन निधि और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि के तहत सहायता राशि के नए मानक लागू किए गए हैं, जिसमें आपदा में बड़े पशुओं की मौत पर सहायता राशि 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये की गई है। बकरी, भेड़ और सूअर जैसे छोटे पशुओं की मौत पर 4 हजार की जगह 5,500 रुपये मिलेंगे।
घोड़े और खच्चर जैसे भार ढोने वाले पशुओं की मौत पर 20 हजार से बढ़ाकर 25,400 रुपये कर दिया गया है और मुर्गीपालकों को प्रति मुर्गी सहायता राशि 100 से बढ़ाकर 130 रुपये कर दी गई है।
सिंचित क्षेत्र में फसल नुकसान पर अब 17 हजार की जगह 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेगा। वर्षा आधारित क्षेत्र में फसल नुकसान पर 8,500 की जगह 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेगा।
बारहमासी फसल और कृषि वानिकी के नुकसान पर 22,500 से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।