Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ नगर निगम के लिए 250 इलेक्ट्रिक और CNG वाहनों को हरी झंडी दिखाई. यह कदम राज्य सरकार के शहरी स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों का एक हिस्सा है. एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने ‘ज़ीरो वेस्ट से ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन’ के लक्ष्य की दिशा में उत्तर प्रदेश की प्रगति पर ज़ोर दिया.
क्या बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बीते नौ वर्षों में लखनऊ शहर के विकास को नई ऊंचाइयां मिली हैं. लखनऊ सिटी का दायरा बढ़ा और शहर को नया विस्तार मिला है. लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग में अच्छा स्थान प्राप्त किया है. शहर में मेट्रो का संचालन हुआ है. इसके साथ ही सड़कों के चौड़ीकरण का मामला हो या फिर जल निकासी का सबमें सुधार हुआ है. आज यूपी अर्थव्यवस्था का एक ग्रोथ इंजन बन करके उभरा है. देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में यूपी आज अपने आपको स्थापित करता है.
यूपी अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन करके उभरा
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अब इनसेफ्लाइटिस नहीं है. डेंगू, कालाजार, मलेरिया, फाइलेरिया नहीं है. हमने यूपी की बीमारी को भी दूर किया है और उत्तर प्रदेश के अंदर कूड़े के कारण जो बीमारियां होती थी इन बीमारियों को भी दूर किया है. हम कह सकते हैं कि लखनऊ में लोगों का जीवनस्तर बढ़ा है. अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है अब लखनऊ में भी इसी तर्ज पर सोलर पैनल लगाकर यह कार्य तेजी से किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:-राजस्थान में 65 IAS अफसरों के तबादले, टीना डाबी समेत 25 जिलों के कलेक्टर भी बदले