आज से शुरू हुआ आत्मोत्थान के दस लक्षण महापर्व…

वाराणसी। दिगंबर जैन समुदाय के आत्मोत्थान के दसलक्षण महापर्व का शुभारंभ शुक्रवार से होगा। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए महापर्व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जैन मुनि आचार्य 108 विशद सागर महाराज के सानिध्य में जैन समाज के लोग पर्वाधिराज पर्युषण पर्व को मनाएंगे। जैन समाज के उपाध्यक्ष राजेश जैन ने बताया कि जैन धर्म पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व 10 से 19 सितंबर तक मनाया जाएगा। प्रात: नगर के जैन मंदिरों भेलुपुर, सारनाथ, खोजवां, नरिया, भदैनी, चंद्रपुरी, मैदागिन एवं ग्वालदास साहूलेन स्थित पंचायती मंदिर में विशेष पूजन अभिषेक प्रारंभ होगा। सुगंध दशमी 16 सितंबर को मनाई जाएगी। भेलुपूर स्थित मंदिर में सामूहिक अभिषेक प्रात: 7:45 से एवं संध्या आरती सायं सात बजे से होगी। श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर ग्वालदास साहूलेन में अभिषेक प्रात: 8:30 बजे से शास्त्र प्रवचन एवं संध्या आरती रात्रि आठ बजे से होगी। श्री दिगंबर जैन मंदिर खोजवां में अभिषेक प्रात: सात बजे से एवं सायंकाल सात बजे से पंडित फूलचंद प्रेमी द्वारा शास्त्र प्रवचन होगा। अनंत चतुर्दशी पर ग्वालदास स्थित मंदिर में 19 सितंबर को शाम चार बजे से मूल नायक बड़ी प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक होगा। 20 को पंचायती जैन मंदिर में भजन संध्या जागरण का कार्यक्रम होगा। 21 को विश्व मैत्री क्षमावाणी पर्व के कार्यक्रम में पूजन एवं क्षमावाणी होगी। 22 को मैदागिन स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में भजन जागरण आयोजित है। 26 सितंबर को भेलुपूर स्थित भगवान पार्श्वनाथ की जन्म स्थली पर भजन संध्या आयोजित है। 26 को ग्वालदास साहूलेन स्थित श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में नमोकार महामंत्र का पाठ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *