UP PCS मेन परीक्षा 2025 का पूरा शेड्यूल जारी, 29 मार्च से शुरू होगी परीक्षा

PCS Main Exam: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर सामने आई है. यूपीपीएससी ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा यानी PCS-2025 की मुख्य परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा से जुड़ी सभी तिथियां और समय उपलब्ध करा दिए गए हैं. इसके साथ ही आयोग ने पहले जारी विज्ञापन में कुछ प्रश्न पत्रों की समय अवधि में भी बदलाव किया है.

आयोग के अनुसार, PCS मेन परीक्षा 2025 का आयोजन प्रदेश के दो प्रमुख शहरों—लखनऊ और प्रयागराज—में एक साथ किया जाएगा. परीक्षा की शुरुआत 29 मार्च से होगी और अंतिम पेपर 1 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा. पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा. वहीं दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा.

29 मार्च: सामान्य हिंदी और निबंध

परीक्षा के पहले दिन सुबह के सत्र में सामान्य हिंदी का प्रश्न पत्र होगा. दूसरे सत्र में निबंध की परीक्षा आयोजित की जाएगी. आयोग के मुताबिक, ये दोनों पेपर अभ्यर्थियों की भाषा दक्षता और अभिव्यक्ति क्षमता का आकलन करने के लिए अहम हैं.

30 मार्च: सामान्य अध्ययन प्रथम और द्वितीय

30 मार्च को सामान्य अध्ययन के दो पेपर होंगे. पहले सत्र में सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्न पत्र, जबकि दूसरे सत्र में सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्न पत्र आयोजित किया जाएगा. इन पेपरों में इतिहास, भूगोल, राजनीति, अर्थव्यवस्था और समाज से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे.

31 मार्च: सामान्य अध्ययन तृतीय और चतुर्थ

31 मार्च को भी दो सत्रों में परीक्षाएं होंगी. सुबह सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्न पत्र और दोपहर बाद सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्न पत्र कराया जाएगा. इन प्रश्न पत्रों के माध्यम से अभ्यर्थियों की विश्लेषण क्षमता और प्रशासनिक समझ को परखा जाएगा.

1 अप्रैल: पंचम और षष्ठ प्रश्न पत्र

PCS मेन परीक्षा का समापन 1 अप्रैल को होगा. पहले सत्र में सामान्य अध्ययन पंचम प्रश्न पत्र और अंतिम सत्र में सामान्य अध्ययन षष्ठ प्रश्न पत्र आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही PCS-2025 मुख्य परीक्षा संपन्न हो जाएगी.

इसे भी पढ़ें:-खाने से लेकर सजावट तक…, होली को शानदार बनाने के लिए करें ये खास इंतजाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *