Entertainment: बॉलीवुड में भगवा रंग को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है, सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ के एक सीन को लेकर दिल्ली के BJP विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने फिल्म में भगवा रंग के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए इसे सनातन धर्म का अपमान बताया है। इतना ही नहीं, विधायक ने फिल्म के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर विवादित सीन नहीं हटाया गया तो फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।
रविंदर सिंह नेगी का आरोप है कि फिल्म में भगवा रंग का इस्तेमाल महज संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उनके मुताबिक, भगवा रंग हिंदू धर्म और सनातन परंपरा का प्रतीक है और इसका इस तरह इस्तेमाल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने इस विवाद की तुलना तीन साल पहले आई शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ से भी की, जिसमें दीपिका पादुकोण भगवा रंग की बिकिनी में नजर आई थीं। विधायक ने कहा कि उस समय भी भगवा रंग को लेकर विवाद हुआ था और अब एक बार फिर शाहरुख की फिल्म में उसी तरह का मामला सामने आया है।
‘शाहरुख की सोच जिहादी मानसिकता वाली’
फिल्म के सीन पर सवाल उठाते हुए रविंदर सिंह नेगी ने पूछा कि कलाकारों के कपड़ों के लिए भगवा रंग ही क्यों चुना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जरिए सनातन धर्म का मजाक उड़ाने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने शाहरुख खान की सोच पर भी निशाना साधते हुए उसे ‘जिहादी मानसिकता’ करार दिया. नेगी ने चेतावनी दी कि अगर फिल्म से यह सीन नहीं हटाया गया तो वे इसका विरोध करेंगे और बहिष्कार की मुहिम चलाएंगे, उनके इस बयान के बाद फिल्म ‘किंग’ को लेकर भगवा रंग का विवाद और चर्चा में आ गया है।
BJP विधायक ने शाहरुख खान को लेकर भी तीखी टिप्पणी की, उन्होंने कहा कि अभिनेता को इस तरह के सीन को लेकर शर्म आनी चाहिए, नेगी के मुताबिक, शाहरुख इसी देश में रहते हैं और यहीं की फिल्मों के जरिए लोकप्रियता और कमाई हासिल करते हैं, लेकिन इसके बावजूद हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान नहीं करते।
हिंदू समाज आस्था का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा
विधायक ने कहा कि हिंदू समाज अपनी आस्था का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा, उन्होंने दोहराया कि जब तक फिल्म से संबंधित सीन नहीं हटाया जाता, तब तक वे इसकी रिलीज का विरोध करते रहेंगे। फिलहाल, ‘किंग’ के इस सीन को लेकर उठे विवाद ने फिल्म की रिलीज से पहले ही नई बहस छेड़ दी है।