रावण को ‘नायक’ दिखाने पर घिरी रणबीर कपूर की ‘रामायण’, फिल्म पर बैन लगाने की उठी मांग

Entertainment: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों चर्चा के साथ विवादों में भी घिर गई है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने फिल्म की कहानी और किरदारों के चित्रण पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे बैन करने की मांग की है। संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने फिल्म निर्माताओं पर रावण को सकारात्मक छवि में पेश करने और उसके महिमामंडन का आरोप लगाया है।

VHP के महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने भी फिल्म को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उनका दावा है कि फिल्म की कहानी महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण से मेल नहीं खाती, उनके मुताबिक, इसमें कई ऐसी घटनाएं शामिल की गई हैं जिनका मूल ग्रंथ में उल्लेख नहीं है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण प्रसंगों और पात्रों को जगह नहीं दी गई है।

रामायण की मूल भावना से छेड़छाड़

आलोक कुमार ने बताया कि संगठन के सदस्यों ने फिल्म देखने के बाद इसकी समीक्षा की और कई पहलुओं पर आपत्ति जताई, उनका आरोप है कि फिल्म में ऐतिहासिक और धार्मिक प्रसंगों को उनके मूल स्वरूप से अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के नाम पर कहानी में ऐसे बदलाव करना उचित नहीं है, जिससे रामायण के मूल संदेश और आदर्श प्रभावित हों।

उन्होंने भगवान राम के वनवास (Ramayana) का जिक्र करते हुए कहा कि श्रीराम ने 14 वर्षों तक वन में रहकर समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से संपर्क किया था, इस दौरान उन्होंने तपस्वी का जीवन अपनाया और नंगे पैर यात्रा की, आलोक कुमार ने माता अहिल्या के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम ने उन्हें दोबारा सम्मान और गरिमा दिलाई। उनके अनुसार, रामायण के ऐसे कई महत्वपूर्ण पहलू हैं, जिन्हें फिल्म में पर्याप्त जगह नहीं दी गई है।