ईशा सिंह के चक्कर में रजत दलाल ने अविनाश मिश्रा को दी चेतावनी, व्यवहार पर उठाए सवाल

Entertainment: बिग बॉस 18′ से पहचान बनाने वाले रजत दलाल एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के कथित ब्रेकअप को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रजत खुलकर ईशा के समर्थन में उतर आए हैं और उन्होंने अविनाश मिश्रा के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, एक नाइट क्लब में अविनाश के ‘बेवफा निकली है तू’ गाने पर डांस करने का वीडियो सामने आने के बाद रजत ने उन पर निशाना साधा, उन्होंने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा करते हुए एक्टर को चेतावनी भी दी।

क्लब में अविनाश का वीडियो देख भड़के रजत दलाल

रजत दलाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो पोस्ट कर इस पूरे विवाद पर नाराजगी जाहिर की, उन्होंने खास तौर पर उन सोशल मीडिया पेजों से अपील की, जो इस मामले से जुड़ी पोस्ट साझा कर रहे हैं। रजत का कहना है कि किसी भी तरह की खबर या पोस्ट आगे बढ़ाने से पहले उसकी सच्चाई और पूरा संदर्भ जरूर जांच लेना चाहिए।

उन्होंने अविनाश के क्लब में गाने पर डांस करने को लेकर भी सवाल उठाए, रजत के मुताबिक, इस तरह के वीडियो के जरिए आखिर अविनाश क्या संदेश देना चाहते हैं। क्या वह खुद को इस मामले में पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक्टर के रवैये पर नाराजगी जताते हुए पूछा कि क्या पूरी कहानी में गलती सिर्फ दूसरे पक्ष की ही है।

रजत ने अपने वीडियो में यह भी दावा किया कि वह अविनाश को पहले चार बार समझा चुके हैं कि वह ईशा सिंह से दूरी बनाए रखें, उन्होंने कहा कि ईशा को वह अपनी बहन की तरह मानते हैं और इसी वजह से उन्होंने पहले भी अविनाश को प्यार से समझाने की कोशिश की थी।

रजत ने वीडियो में कहा कि मैंने इसे चार बार प्यार से समझाया था कि ईशा से दूर रहे, हमें तुझसे कोई मतलब नहीं है, तूने जो किया, करता रह और अपना काम कर, बस हमसे दूर रहे।

इसके बाद उन्होंने क्लब में ‘बेवफा निकली है तू’ गाना बजाने को लेकर अविनाश पर तंज कसा, रजत ने सवाल किया कि आखिर वह इस तरह की हरकतों से क्या साबित करना चाहते हैं और क्या लोगों के सामने कोई खास छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बढ़ी विवाद की चर्चा

रजत के इन बयानों के बाद ईशा और अविनाश से जुड़ा कथित ब्रेकअप विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, दोनों कलाकारों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही हैं, लेकिन इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आना अभी बाकी है। फिलहाल रजत के तीखे बयान ने इस विवाद में एक नया मोड़ जरूर ला दिया है।