वाराणसी। वाराणसी में माता शीतला का जलाभिषेक करने के बाद अब गंगा धीरे-धीरे उतरने लगी हैं। पांच दिनों से लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर बुधवार की सुबह से घटना शुरू हो गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा में एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घटाव हो रहा है। रात नौ बजे गंगा का जलस्तर 67.37 मीटर दर्ज किया गया है। 24 घंटे में गंगा में 25 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है।
बुधवार की सुबह से गंगा के जलस्तर में गिरावट होने से तटवासियों ने राहत की सांस ली है। गंगा व वरुणा के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को जलस्तर में कमी आने से राहत मिली है। जलस्तर घटाव के बावजूद प्रशासन की सतर्कता बनी हुई है। जल पुलिस और एनडीआरएफ जवानों की तटवर्ती इलाकों में गश्त जारी है। सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 67.45 मीटर दर्ज किया। यह चेतावनी बिंदु से 2.81 मीटर नीचे थे। रात नौ बजे यह घटकर 67.37 मीटर तक पहुंच गया। गलवार को गंगा का जलस्तर 67.62 मीटर पर पहुंच गया था। इससे पहले वर्ष 2013 में गंगा का जलस्तर सावन के पहले पखवारे में 67 मीटर तक पहुंचा था। गंगा में बढ़ाव के कारण मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह प्रभावित हो गया है। मणिकर्णिका घाट पर छतों पर और हरिश्चंद्र घाट पर सीढ़ियों के ऊपर शवदाह हो रहा है। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि के कार्यालय की छत पर आरती होने लगी है।