हरियाली तीज पर दो दिन वृंदावन में प्रतिबंधित रहेंगे वाहन

आगरा। हरियाली तीज पर ठाकुर बांकेबिहारीजी के दर्शन करने के लिए और परिक्रमा लगाने के लिए वृंदावन में लाखों श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवागमन की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस प्रशासन ने 10 से 11 अगस्त तक वृंदावन की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। यातायात निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि वृंदावन में चार पहिया और भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन होते हुए हाईवे को जाने वाले सभी भारी वाहन यमुना एक्सप्रेसवे से राया कट से उतरकर लक्ष्मी नगर से गोकुल बैराज से टाउनशिप होते हुए जाएंगे। इसी प्रकार हाईवे के छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे को जाने वाले भारी वाहन टाउनशिप से गोकुल बैराज से लक्ष्मी नगर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे को जाएंगे। गत शनिवार को वृंदावन में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी थी। इसके दूसरे दिन रविवार हरियाली अमावस्या को स्थिति और विकराल हो गई। वाहनों ने सभी रास्ते जाम कर दिए। छटीकरा मार्ग का सबसे बुरा हाल था। जाम लगा होने के कारण यहां लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर निकले। ऐसी ही स्थितियां मथुरा और पानी गांव मार्ग पर सौ सैय्या अस्पताल तिराहे की थी। यहां वाहनों की लंबी कतार दिन भर लगी रहीं। वृंदावन के अंदरूनी रास्तों में भी वाहनों की मारामारी रही। बता दें कि इस बार 11 अगस्त को हरियाली तीज है। इस दिन श्रीबांकेबिहारी स्वर्ण हिंडोले में विराजमान होकर दर्शन देते हैं। इस दिन दर्शन के लिए कई लाख भक्त वृंदावन पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *