जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के लिए शुरू हुई हेल्पलाइन सेवा…

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में मरीजों को राहत देते हुए स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग ने केंद्रीकृत स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस 104 नंबर वाली हेल्पलाइन सेवा से मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। वे स्वास्थ्य से जुड़े नौ क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जानकारियां और सलाह हासिल कर सकेंगे। जिससे उनकी स्वास्थ्य गतिविधियां सरल होंगी। यह सेवा सोमवार से शनिवार की सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चालू होंगी। 104 हेल्पलाइन सेवा में चिकित्सा सलाह दी जाएगी। इसमें कुशल चिकित्सा पेशेवरों द्वारा लक्षणों के प्रारंभिक निदान के लिए सलाह दी जाएगी। सूचना के क्षेत्र में लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत जेएसएसके, जेएसवाई, आरबीएसके, आरकेएसके, पीएमएसएमए, डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अस्पताल सूचना में सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, अस्पताल, अस्पतालों में सलाहकारों, सेवाओं की उपलब्धता आदि की जानकारी मिलेगी। इसी तरह शिकायत निवारण में जनता के अलावा फील्ड स्टाफ में आशा, एएनएम आदि शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा जच्चा बच्चा स्वास्थ्य सेवाओं में प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, परिवार नियोजन और पोषण संबंधी जानकारी मिलेगी। काउंसलिंग सेवा में मेंटल हेल्प, क्रोनिक रोग, साइकोलॉजिकल डिस्ट्रेस, आत्महत्या की प्रवृत्ति, किशोर स्वास्थ्य आदि की जानकारी दी जाएगी। आयुष्मान भारत में पीएमजेएवाई व एबीपीएम-जेएवाई सेहत, गोल्डन कार्ड के बारे में जानकारी दी जाएगी। आपात सेवाओं में आपदा के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं सूचनाएं जैसे कोविड 19, कोविड टीकाकरण, डेंगू, रोग का प्रकोप आदि महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसमें खाद्य सुरक्षा विभाग संबंधी शिकायतें भी दर्ज की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *