जम्मू के हितों से नहीं किया जाएगा कोई समझौता: देवेंद्र सिंह राणा

जम्‍मू-कश्‍मीर। नेकां के संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि अब जम्मू के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आज संभाग के लोग लड़कर अपने हक को पाने तथा निराशा, अभाव व उपेक्षा के युग का अंत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के शिष्टमंडल से बात करते हुए देवेंद्र सिंह राणाने कहा कि जम्मू के लोग विकास, रोजगार तथा सुशासन में बिना किसी क्षेत्र को दबाए हुए समान अधिकार चाहते हैं और इसके लिए दबना भी नहीं चाहते हैं। जम्मू के हितों को लगातार कमजोर करने की कोशिशें की रही हैं। लेकिन जाति-धर्म का भेदभाव किए बगैर लोगों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने संकल्प को मजबूत किया है। जम्मू के हितों से समझौता करने का कोई प्रश्न नहीं है चाहे इसके परिणाम जो भी हों। जम्मू को किनारे करने का मतलब उन स्वाभिमानी लोगों का अपमान करना है, जो वर्षों से हमेशा साथ खड़े रहे हैं। हम विविधता में एकता व जम्मू-कश्मीर की एक पहचान के राजनीतिक दर्शन के वाहक हैं। इस भावना में कोई भी खलल नहीं डाल सकता है। प्रगति व विकास में समान मौके जम्मू-कश्मीर के महत्वपूर्ण हैं, जिसके लिए लोग संघर्ष कर रहे हैं। यह जमीन पर दिखना भी चाहिए, जिसमें किसी व्यक्ति, किसी क्षेत्र या उपक्षेत्र में प्रधान होने का भाव परिलक्षित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें सुधार होना चाहिए और यह तभी संभव है जब सभी क्षेत्रों को उसका हक मिलेगा। कोई भी क्षेत्र या धार्मिक समुदाय अपने को उपेक्षित महसूस न करें। इससे पूर्व राणा ने दीवान ए-आम मुबारक मंडी में गांधी ग्लोबल फैमिली की ओर से गांधी जयंती पर करवाए गए कार्यक्रम में महात्मा गांधी को याद किया। उनके साथ पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया, सैयद मुश्ताक अहमद शाह बुखारी, पूर्व डिप्टी मेयर धर्मवीर सिंह जमवाल भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *