पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं हमारी ताकत: जेपी नड्डा

लखनऊ। भाजपा का बूथ विजय अभियान 11 सितंबर से शुरू हुआ। अभियान विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर मतदान के दिन तक चलेगा। इसका आगाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपना संबोधन शुरू करते हुए कहा कि आज मुझे बूथ विजय अभियान में आप सबके साथ शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं अपनी ओर से और पार्टी की ओर से आप सबका धन्यवाद करता हूं। मैं विश्व के लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की महान संस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक समृद्धि को अक्षुण्ण रखते हुए इसके संरक्षण, संवर्धन के लिए अथक प्रयास किए हैं। मैं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी उल्लेख करना चाहूंगा, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश से रहा, उन्होंने देश और दुनिया को राजनीति के एक नए संस्कार से जोड़ते हुए महान भारत देश की सेवा की। मैं ऐसी महान विभूति को भी नमन करता हूं। हमारे लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व देश में जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद और सम्प्रदायवाद की राजनीति का अंत हुआ है और विकास की राजनीति प्रतिष्ठित हुई है। मोदी जी के नेतृत्व में 2017 में भाजपा ने 325 सीटे जीतकर इतिहास रचा था। 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता ने विकास की राजनीति को अपना समर्थन दिया था। भाजपा संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हमारे हर कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। मुझे खुशी भी है और पूर्ण विश्वास भी है कि उत्तर प्रदेश की जनता का भरपूर आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ की सरकार को मिलेगा। जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनना तय है। भाजपा के कार्यकर्ताओं की शक्ति ही हमारे लिए अमूल्य है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ही संगठन’ के दोनों कार्यक्रमों के तहत मानव सेवा और कर्मठता की मिशाल पेश की है। हमारा बूथ कोरोना मुक्त अभियान काफी सफल रहा है। कोई विश्वास नहीं करता था कि कोरोना मुक्त बूथ बनाने में भाजपा या भाजपा कार्यकर्ता आकर ऐसा कार्य करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने संकट के समय, विषम परिस्थितियों में मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आजादी के 70 वर्षों में कृषि के विकास और किसानों के कल्याण के लिए जितना काम नहीं हुआ उससे कहीं अधिक काम पिछले साढ़े सात वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने करके दिखाया है। एमएसपी पहले भी थी, है और रहेगी, किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस दौरान 27,700 शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअली संबोधित कर बूथ जीतने का मंत्र दिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का मंत्र दिया है। पार्टी की ओर से करीब 1.60 लाख बूथों पर बूथ समितियों का गठन कर उसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद बूथ विजय अभियान के तहत अब 20 सितंबर तक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी। 24 सितंबर को पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन होगा। इसमें पन्ना प्रमुखों को उनके कामकाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होगा। राठौर ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में भी बूथ समितियों के सदस्य नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। बूथ विजय अभियान के तहत बूथ समितियों और पन्ना प्रमुख लगातार क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों के आयोजन के साथ जनता से संपर्क और संवाद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *