भूस्खलन से छह घंटे बंद रहा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में रविवार को कई जिलों में हल्की से सामान्य बारिश हुई। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे पर रामबन जिले में कैफेटेरिया मोड़ पर भूस्खलन से छह घंटे हाइवे बंद रहा। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ बना रहेगा। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह रामबन जिले के मारोग और कैफेटेरिया मोड़ में पस्सियां गिरने से यातायात बंद हो गया। वहीं, सूचना के बाद उधमपुर से भी घाटी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। बाद में हाईवे निर्माण कंपनी ने मशीनरी लगा कर कड़ी मशक्कत के बाद सुबह दस बजे पस्सियां हटा कर यातायात को बहाल कर दिया गया। वहीं कटड़ा में पिछले 24 घंटों में 8.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। जम्मू में 0.6, बटोत में 43.0, श्रीनगर में 8.3 और काजीगुंड में सबसे ज्यादा 52.2 एमएम बारिश हुई है। तापमान की बात करें तो जम्मू में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस, कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि 14 सितंबर से मौसम साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *