मुजफ्फरनगर से बजेगा मिशन यूपी का बिगुल

मेरठ। मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर महापंचायत में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में किसान मुजफ्फरनगर पहुंच गए हैं। महापंचायत के मंच से संयुक्त किसान मोर्चा मिशन यूपी का बिगुल बजाएगा। करीब 22 राज्यों के तीन सौ से ज्यादा संगठन और खाप चौधरी एक मंच पर एकत्र होकर जन आंदोलन शुरू करेंगे। पुलिस, पीएसी और मोर्चा के वालंटियरों ने कमान संभाल ली है। तीन कृषि कानूनों को वापस लेने, एमएसपी और अन्य मुद्दों पर किसान मोर्चा ने भाजपा सरकार की घेराबंदी के लिए महापंचायत बुलाई है। शनिवार को कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के किसान पहुंच गए हैं। पंजाबी बरातघर, राधा स्वामी सत्संग भवन, छोटूराम इंटर कॉलेज, रालोद कार्यालय और जीआईसी ग्राउंड में किसानों को ठहराया गया है। किसान मोर्चा के सदस्य बलदेव सिंह सिरसा, युद्धवीर सिंह, जगतार सिंह बाजवा समेत अन्य पदाधिकारी पहुंच गए हैं। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने तैयारियों की जानकारी ली। पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसान रविवार को पहुंचेंगे। किसानों की भीड़ को देखते हुए शहर में 10 जगह एलईडी लगाई गई है। पीएसी, पैरामिलट्री फोर्स, पुलिस और खूफिया विभाग ने डेरा जमा लिया है। आसपास के जिलों से पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। किसान मोर्चा के वालंटियरों ने व्यवस्था की कमान संभाल ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *