यूएन के श्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार के लिए नामित हुआ मध्यप्रदेश का लाढ़पुरा खास

मध्य प्रदेश। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले के गांव लाढ़पुरा खास को श्रेष्ठ पर्यटन ग्राम की श्रेणी में संयुक्त राष्ट्र के विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। मध्यप्रदेश के पर्यटन व संस्कृति विभाग के मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने ओरछा कस्बे के पास स्थित लाढ़पुरा खास गांव के साथ ही मेघालय व तेलंगाना के एक-एक गांव को भी यूएनडब्ल्यूटीओ पुरस्कार के लिए नामित किया है। अगले पांच वर्ष में करीब सौ गांव ग्रामीण पर्यटन के लिहाज से तैयार किए जाएंगे। इनके साथ ही ओरछा, खजुराहो, मांडू, सांची, पचमढ़ी, तामिया, पन्ना राष्ट्रीय उद्यान, बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान, संजय दुबरी राष्ट्रीय उद्यान, पेंच और कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन के लिहाज से उपयुक्त स्थलों को विकसित किया जाएगा। शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण पर्यटन परियोजना एक तरफ ग्रामीणों को पर्यटकों की रुचि और जरूरतों से वाकिफ कराते हुए स्थानीय संस्कृति व परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के अवसर मुहैया करा रही है। ग्रामीण पर्यटन के विकास से स्थानीय समुदायों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। मध्य प्रदेश ट्यूरिज्म बोर्ड ग्रामीणों को पर्यटन से जुड़ी वस्तुओं के सामुदायिक भागीदारी से उत्पादन के लिए भी प्रशिक्षण मुहैया करा रहा है। वहीं, लाढ़पुरा को यूएन के पुरस्कार के लिए चुने जाने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *