सीएम ने कोविड ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले डॉक्टर के परिवार को सौपा 10 लाख रूपये का चेक

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोविड ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले डॉक्टर के परिवार की आर्थिक सहायता की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को डॉ. अमित सिंह दामिया की पत्नी को दस लाख रुपये का चेक सौंपा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी कोरोना योद्धाओं के साथ सरकार हमेशा खड़ी है। हमें स्वर्गीय डॉ. अमित सिंह की सेवा पर बहुत गर्व है। हम उनकी जिंदगी वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन उम्मीद है कि इस आर्थिक सहायता से उनके परिवार को थोड़ी मदद मिल जाएगी। स्वर्गीय डॉ. अमित सिंह दामिया स्वामी विवेकानंद अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग में अनुबंध के आधार पर वरिष्ठ रेजिडेंट के रूप में तैनात थे। वह कोरोना की ड्यूटी पर थे और इस दौरान ही उन्हें 13 मई 2021 को दिल का दौरान पड़ा था। उन्हें हरियाणा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। वह कोरोना काल के दौरान लगातार ड्यूटी कर रहे थे और पूरी लगन के साथ कोरोना मरीजों की सेवा की। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, मां और एक बच्चा है। परिवार किराए के मकान में रहता है। उनकी पत्नी मनमीत अलंग ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से आर्थिक मदद करने का अनुरोध किया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने पारिवारिक स्थिति को देखते मामले का संज्ञान लिया और आर्थिक मदद दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *