हाईकोर्ट में मार्ली वानकुंग हो सकती हैं पहली महिला जज

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम द्वारा देशभर की हाईकोर्टों में जजों के रूप में नियुक्ति के लिए जिन 68 नामों की सिफारिश की गई है, उनमें मिजोरम की राजधानी आइजोल की जिजा जज मार्ली वानकुंग का नाम भी है। यदि सरकार ने मंजूरी दे दी तो वह गुवाहाटी हाईकोर्ट में मिजोरम की पहली महिला जज होंगी। जिला न्यायाधीश मार्ली वानकुंग अनुसूचित जनजाति समुदाय की हैं। वे ब्रिगेडियर सी वानकुंगा की बेटी हैं। डीजे वानकुंग ने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी और जेएनयू से एमफिल किया है। असम व मिजोरम की साझा हाईकोर्ट के रूप में गुवाहाटी कार्यरत है। वानकुंगा गुवाहाटी हाईकोर्ट में मिजोरम की पहली महिला न्यायाधीश होंगी। बता दें कि सीजेआई एनवी रमण की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने हाल ही में 68 नामों की सिफारिश की है। इन्हें देश के करीब 12 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीश बनाया जाएगा। कॉलेजियम ने इलाहाबाद, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, जम्मू और कश्मीर, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब और हरियाणा, केरल, छत्तीसगढ़ और गुवाहाटी हाईकोर्ट में नियुक्तियों के लिए ये नाम सुझाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *