हिमाचल, सिक्किम सह‍ित तीन राज्यों में हर वयस्क को लगी टीके की पहली खुराक

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग लगातार जारी है और इसकी रफ्तार में हर दिन तेजी दर्ज की जा रही है। इस महामारी के खिलाफ चल रहा देशव्यापी टीकाकरण अभियान भी नए मील के पत्थर हासिल कर रहा है। वहीं देश में ऐसे राज्यों की संख्या तीन हो गई है, जहां 100 फीसदी वयस्क आबादी को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। ये राज्य हैं हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और दादरा एवं नगर हवेली हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि केरल अकेला ऐसा राज्य है, जहां एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। चार राज्यों में 10 हजार से लेकर एक लाख के बीच सक्रिय मामले हैं। ये राज्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश हैं। बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 10 हजार से कम सक्रिय मामले हैं। भूषण ने कहा कि देश की 16 फीसदी वयस्क आबादी को टीके की दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। 54 फीसदी वयस्क आबादी को टीके की कम से कम एक खुराक लग चुकी है। भूषण ने बताया कि सिक्किम में 36 फीसदी वयस्क आबादी को कोरोना रोधी टीके की दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है। केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में 18 फीसदी वयस्क आबादी को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में यह आंकड़ा 32 फीसदी है। उन्होंने कहा कि केवल अगस्त में देश में टीके की 18.38 करोड़ खुराकें लगाई गई हैं। अगस्त में एक दिन के टीकाकरण का औसत 59.29 लाख है। महीने के अंतिम सप्ताह में हमने औसतन 80 लाख खुराकें रोज लगाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *