सौ फीसदी टीकाकरण के बाद भी जारी है अभियान…

नई दिल्‍ली। ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद जहां कोरोना टीकाकरण को जल्द से जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर वयस्क आबादी की संख्या भी बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 100 फीसदी का लक्ष्य हासिल करने के बाद भी टीकाकरण किया जा रहा है। स्थिति यह है कि इन राज्यों में जितनी आबादी के बारे में सोचा गया था, उससे कहीं अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक लग चुकी है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार अभी तक देश के आठ  राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों अंडमान व निकोबार, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप और सिक्किम में 100 फीसदी वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक पिछले माह पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी यहां नए लोगों की तलाश जारी है। फिलहाल स्थिति यह है कि इन राज्यों में पहली खुराक का टीकाकरण 100 फीसदी से भी अधिक दर्ज किया जा रहा है। कुछ प्रदेशों में यह संख्या 110 फीसदी तक पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना टीकाकरण शुरू होने से पहले अंडमान निकोबार में कुल वयस्क आबादी का अनुमान 2.86 लाख था। इस आबादी को वैक्सीन की पहली खुराक करीब डेढ़ महीने पहले ही लग चुकी है, लेकिन नए लोगों की तलाश अब भी जारी है और अब तक 2,96,844 लोगों को पहली खुराक दी जा चुकी है। इसी तरह सभी आठ प्रदेशों में तय अनुमान से अधिक टीकाकरण हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार साल 2011 की जनगणना के आधार पर आबादी का अनुमान लगाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *