चंडीगढ़ में 7500 लोगों ने बनाया लहराता ह्यूमन तिरंगा

चंडीगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में 7500 लोगों ने मिलकर लहराता हुआ ह्यूमन तिरंगा बनाया। इसके बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने स्टेडियम में चंडीगढ़ के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड की घोषणा की। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित भी मौजूद रहे।

शनिवार सुबह 10:30 बजे सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में 7500 विद्यार्थी एकत्रित हुए। चंडीगढ़ के अलग-अलग स्कूलों से इन्हें बुलाया गया था। इनमें से 2500 विद्यार्थी केसरी रंग के कपड़े पहनकर आए। 2500 सफेद और 2500 हरे रंग के कपड़े पहने थे। यह सभी लहराते हुए तिरंगे के रूप में स्टेडियम में एकत्रित हुए। इन्हीं के बीच में अशोक चक्र भी था। इससे पहले यूएई ने वर्ष 2017 में 4130 लोगों के साथ राष्ट्रीय ध्वज का फार्मेशन बनाया था।

15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में वायुसेना बरसाएगी फूल:-

इस बार चंडीगढ़ में 75वें स्वतंत्रता दिवस को खास अंदाज में मनाया जाएगा। सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में इस बार वायुसेना भी हिस्सा लेगी और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर आसमान से फूल बरसाएगी। इसके लिए भी तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित पहुंचेंगे और राष्ट्रध्वज फहराएंगे।

कार्यक्रम के अनुसार वायुसेना के हेलीकॉप्टर से तीन रंगों में फूलों की पंखुड़ियों को बरसाया जाएगा। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित जैसे ही 15 अगस्त के दिन सुबह तिरंगा फहराएंगे। उसी समय हेलीकॉप्टर ऊपर से गुजरेंगे और केसरी, सफेद व हरे रंग के फूलों के पंखुड़ियों की बरसात करेंगे। ये दृश्य देखने वाला होगा और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों पर गिरेगा। ये दृश्य लोगों को देशभक्ति का एहसास कराएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *