मौसम साफ होते ही फिर शुरु हुई अमरनाथ यात्रा

जम्‍मू। मौसम साफ होते ही श्री अमरनाथ यात्रा फिर शुरू कर दी गई है। जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से बुधवार को आठवां जत्था कश्मीर के लिए सुबह देरी से रवाना हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में विभिन्न सड़क मार्गों को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। जिससे जाम की स्थिति बन गई। सतवारी, बिक्रम चौक, गांधी नगर में भारी जाम देखने को मिला।

मौसम विभाग ने बुधवार को कई क्षेत्रों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। इस बीच रात को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से यात्रियों का जत्था आगे नहीं जाने के लिए कहा गया था, लेकिन बुधवार सुबह मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए 8वें जत्थे को रवाना किया गया।

मंगलवार को खराब मौसम के चलते पहलगाम और बालटाल दोनों रूट से अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया था। मंगलवार को यात्री आधार शिविरों से आगे नहीं बढ़ने दिए गए। भारी भूस्खलन से श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे मंगलवार को घंटों प्रभावित रहा। जम्मू संभाग को कश्मीर से जोड़ने वाले सिंथन टॉप क्षेत्र में तड़के बादल फटने से सिंथन नाला उफान पर आ गया। इसमें किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली।

किश्तवाड़ जिले के पाडर में मंगलवार को सेना ने जम्मू की दो बीमार महिलाओं की जान बचाई। ये दोनों महिलाएं नीलम कुमारी (62) व वैष्णो देवी (60) की यात्रा पर गई थीं। सुबह पांच बजे दोनों की तबीयत खराब हो गई। वह रास्ते में मदद के लिए गुहार लगा रही थीं तभी सेना के गश्ती दल ने तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद पीएचसी अठोली पहुंचाया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *