आज दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल

गुजरात। गुजरात विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आज नई सरकार का गठन होने जा रहा है। भूपेंद्र पटेल लगातार दूसरी बार राज्य के सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर दो बजे से शुरू होगा। शपथ ग्रहण में पीएम  नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

भूपेंद्र पटेल के साथ 15 से 17 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इन संभावित मंत्रियों के नाम सामने आने शुरू हो गए हैं। इनमें कई ऐसे चेहरे हैं, जिन्हें पहली बार मंत्री बनाया जाएगा तो कई पुराने चेहरों को फिर से जगह दी जा रही है।

भाजपा ने इस बार बनाया है रिकॉर्ड
गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं, जबकि समाजवादी पार्टी ने राज्य में एक सीट जीती।

1960 में राज्य की स्थापना के बाद से गुजरात में भाजपा की लगातार सातवीं विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी इतिहास रचा। उन्होंने घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 1,92,000 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। 2017 के पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 99 सीटों पर जीत हासिल की थी, कांग्रेस 77 पर रह गई थी और एनसीपी, बीटीपी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने क्रमशः 1, 2 और 3 सीटें हासिल की थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *