खरगोन में बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 15 की मौत

खरगोन। मध्‍यप्रदेश के खरगोन जिले में बड़ा हादसा हुआ है। बोराड़ नदी पर बने पुल से एक यात्री बस 50 फीट नीचे नदी में गिर गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसे में ड्राइवर, कंडक्टर और क्लीनर की भी मौत होने की सूचना है। इस दुर्घटना पर प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घटनास्थल पर अधिकारी तत्काल पहुंच गए हैं। घटना में 15 लोगों की मौत की सूचना है। करीब 25 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। बस क्रमांक एमपी10-पी-7755 मां शारदा ट्रैवल्स की बताई जा रही है, जो खरगोन जिले से इंदौर जा रही थी। यह हादसा खरगोन-ठीकरी मार्ग पर हुआ।

बस नदी पर बने पुल से गुजर रही थी, जब वह एकाएक नीचे गिर गई। जोर से आवाज आई और अफरा-तफरी मच गई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा दसंगा गांव के करीब हुआ है। ग्रामीणों द्वारा सूचना देने पर मौके पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस जवान घायलों की मदद करने में लगे हुए हैं। हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिये गए हैं।

मध्‍यप्रदेश की सरकार ने खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपये, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *