दो मार्च से शुरू होगा बजट सत्र….

हरियाणा। हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में सिविल सचिवालय में हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने बताया कि कैबिनेट में कुल 28 एजेंडे रखे गए थे। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 2 मार्च से शुरू करने का प्रस्ताव पास किया गया है।

यह प्रस्ताव अब महामहिम राज्यपाल और विधानसभा स्पीकर को भेजा जाएगा।  इसके अलावा हरियाणा गैरकानूनी धर्मांतरण रोकथाम विधेयक 2022 को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। अब विधेयक विधानसभा में पेश किया जाएगा। कैबिनेट ने निरसन विधेयक 2021 को भी मंजूरी दे दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उन 20 अधिनियमों को निरस्त किया जाएगा, जो अब उपयोग में नहीं हैं।

पंजाब डिस्टिलरी नियम (हरियाणा राज्य में लागू) में नया नियम 16बी जोड़ा गया है। इससे डिस्टलरी में स्पिरिट के बाहर जाने के मापन के लिए फ्लो मीटर लगेंगे।

मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना की एसओपी को लागू करने की मंजूरी दी गई है। इस योजना में अब केन्द्र सरकार की 5 योजनाओं को सम्मिलित किया गया है। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा सरकार के बीच आदिबद्री बांध के निर्माण के एमओयू को एक्स पोस्ट-फैक्टो स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *