2030 तक भारत का अपना होगा अंतरिक्ष स्टेशन: राज्य मंत्री

नई दिल्‍ली। भारत 2022 के अंत तक गगनयान से पहले दो मानवरहित मिशन अंतरिक्ष में भेजेगा। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए सवालों के जवाब में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की योजना 2030 तक एक अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की है, जो अपनी तरह का अनोखा स्टेशन होगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया मानवरहित मिशन पूरी तरह रोबोटिक होंगे। इनमें से एक अगले साल की शुरूआत और दूसरे मिशन को साल के अंत तक भेजा जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि गगनयान की सफलता के साथ ही भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में विश्व में अग्रिम पंक्ति के देशों में शुमार हो जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गगनयान के साथ ही शुक्र मिशन, सौर मिशन (आदित्य) और चंद्रयान के लिए भी काम जारी है। कोविड महामारी के कारण विभिन्न मिशन में देरी हुई और लेकिन अब इसके लिए तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं और चंद्रयान के अगले साल भेजे जाने की योजना है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि गगनयान मिशन के माध्यम से कोई भी व्यक्ति पृथ्वी की निचली कक्षा तक का सफर कर सकेगा। इस मिशन के लिए 500 से ज्यादा प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके लिए कई रिसर्च मॉड्यूल बनाए गए हैं, इसमें भारत में निर्मित रिसर्च मॉड्यूल भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *